हर महीने ₹20 हजार की गारंटीड आय का मौका! वरिष्ठ नागरिकों के लिए सरकार की खास योजना, जानिए कितना करना होगा निवेश
नई दिल्ली: सेवानिवृत्ति के बाद नियमित और सुरक्षित आय की तलाश कर रहे वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीनियर सिटिजन सेविंग्स स्कीम (SCSS) एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरी है। केंद्र सरकार की इस लघु बचत योजना में निवेशकों को वर्तमान में 8.2 प्रतिशत वार्षिक ब्याज मिल रहा है। खास बात यह है कि इस योजना के जरिए वरिष्ठ नागरिक हर महीने लगभग 20 हजार रुपये की नियमित आय की व्यवस्था कर सकते हैं।
सरकार द्वारा संचालित यह योजना विशेष रूप से 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों के लिए बनाई गई है। इसमें निवेश की गई राशि पूरी तरह सुरक्षित मानी जाती है और निवेशकों को निश्चित अंतराल पर ब्याज का भुगतान किया जाता है।
5 साल में परिपक्व होता है खाता
सीनियर सिटिजन सेविंग्स स्कीम के तहत खोला गया खाता 5 वर्ष की अवधि में परिपक्व होता है। योजना में न्यूनतम 1,000 रुपये और अधिकतम 30 लाख रुपये तक का निवेश किया जा सकता है। यह एकमुश्त निवेश वाली योजना है, जिसमें जमा राशि पर तिमाही आधार पर ब्याज दिया जाता है।
योजना के तहत सामान्यतः 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्ति खाता खोल सकते हैं। वहीं स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले कुछ सरकारी कर्मचारी 55 से 60 वर्ष की आयु के बीच तथा रक्षा क्षेत्र से जुड़े कुछ कर्मचारी 50 से 60 वर्ष की आयु में भी पात्रता शर्तों के अनुसार निवेश कर सकते हैं।
हर महीने 20 हजार रुपये पाने के लिए कितना निवेश जरूरी?
यदि कोई वरिष्ठ नागरिक इस योजना के माध्यम से हर महीने लगभग 20,000 रुपये की आय प्राप्त करना चाहता है, तो उसे करीब 29.30 लाख रुपये का निवेश करना होगा। मौजूदा 8.2 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर के अनुसार इस निवेश पर हर तीन महीने में लगभग 60,064 रुपये ब्याज प्राप्त होगा।
तिमाही आधार पर मिलने वाले इस ब्याज को मासिक औसत में विभाजित करने पर यह राशि करीब 20,021 रुपये प्रतिमाह बैठती है। इस प्रकार निवेशक को पांच वर्षों तक नियमित अंतराल पर ब्याज आय मिलती रहती है।
मैच्योरिटी के बाद 3 साल और बढ़ा सकते हैं योजना
योजना की एक और महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि पांच वर्ष की अवधि पूरी होने के बाद निवेशक चाहें तो खाते को अगले तीन वर्षों के लिए बढ़ा सकते हैं। इससे वरिष्ठ नागरिकों को लंबे समय तक सुरक्षित और नियमित आय का विकल्प मिलता है।
बैंक और डाकघर दोनों में उपलब्ध सुविधा
सीनियर सिटिजन सेविंग्स स्कीम के तहत खाता देश के प्रमुख सरकारी बैंकों के साथ-साथ डाकघरों में भी खुलवाया जा सकता है। योजना को वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित निवेश और नियमित आय का प्रमुख साधन माना जाता है।
