सीनियर सिटिजन्स के लिए Bank of Baroda का खास तोहफा, ‘विशेष सम्मान’ प्रीमियम अकाउंट लॉन्च, घर बैठे मिलेंगी बैंकिंग और हेल्थ सुविधाएं
नई दिल्ली। वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर और सुविधाजनक बैंकिंग अनुभव देने के उद्देश्य से बैंक ऑफ बड़ौदा ने एक नया प्रीमियम सेविंग अकाउंट लॉन्च किया है। ‘BoB सीनियर सिटिजन विशेष सम्मान’ नाम से शुरू किया गया यह अकाउंट खास तौर पर बुजुर्ग ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिसमें बैंकिंग से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक कई सुविधाएं एक साथ दी जा रही हैं।
इस अकाउंट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ग्राहकों को बार-बार बैंक शाखा जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अधिकतर सेवाएं उन्हें घर बैठे ही उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी दैनिक जिंदगी और वित्तीय प्रबंधन दोनों आसान होंगे।
मासिक बैलेंस की तय सीमा के साथ मिलेगा प्रीमियम अकाउंट
यह प्रीमियम सेविंग अकाउंट उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध है, जो 1 लाख रुपये का मासिक औसत बैलेंस बनाए रखते हैं। बैंक का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य बुजुर्गों को सुरक्षित, सरल और सम्मानजनक बैंकिंग सुविधा प्रदान करना है।
डोरस्टेप बैंकिंग से मिलेगी बड़ी राहत
इस अकाउंट के तहत ग्राहकों को हर महीने दो बार मुफ्त डोरस्टेप बैंकिंग सुविधा दी जाएगी। इससे वरिष्ठ नागरिक बिना बैंक जाए अपने जरूरी काम घर से ही निपटा सकेंगे, जो खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जिन्हें आने-जाने में दिक्कत होती है।
हेल्थकेयर सुविधाएं भी शामिल
इस प्रीमियम अकाउंट में स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं को भी जोड़ा गया है। ग्राहकों को डॉक्टर से मुफ्त ऑनलाइन परामर्श, दवाइयों और मेडिकल जांच पर छूट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। यह पहल बुजुर्गों की स्वास्थ्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई है।
डेबिट कार्ड के साथ मिलेंगे प्रीमियम लाभ
अकाउंट के साथ ग्राहकों को BOB Bhoomi RuPay Select डेबिट कार्ड मुफ्त दिया जाएगा। इसके जरिए एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, फ्री हेल्थ चेकअप, जिम, स्पा, सैलून, गोल्फ और ओटीटी सेवाओं जैसे कई अतिरिक्त लाभ मिलेंगे।
ट्रांजैक्शन और लोन सुविधाओं में भी छूट
ग्राहकों को रिवर्स मॉर्गेज लोन पर प्रोसेसिंग फीस में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसके अलावा लॉकर चार्ज में 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। NEFT और RTGS ट्रांजैक्शन पूरी तरह मुफ्त होंगे, जबकि IMPS ट्रांजैक्शन पर 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान रखा गया है।
