Indian Railways का बड़ा फैसला: आज से गोमतीनगर से चलेगी पुष्पक एक्सप्रेस, ऐशबाग जंक्शन पर भी मिलेगा ठहराव

Pushpak-Express-Dainik-Jagran-1769411720805_v

लखनऊ। राजधानी लखनऊ से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई जाने वाली प्रमुख ट्रेन पुष्पक एक्सप्रेस के संचालन में रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है। सोमवार से इस ट्रेन का प्रारंभिक स्टेशन लखनऊ जंक्शन के बजाय गोमतीनगर कर दिया गया है। साथ ही यात्रियों की सुविधा को देखते हुए पुष्पक एक्सप्रेस को ऐशबाग जंक्शन पर भी ठहराव देने का निर्णय लिया गया है।

गोमतीनगर से होगा संचालन, ऐशबाग पर दो मिनट का स्टॉपेज
रेलवे के अनुसार, पुष्पक एक्सप्रेस को सोमवार से गोमतीनगर स्टेशन शिफ्ट कर दिया गया है। पहले इस ट्रेन का ठहराव केवल गोमतीनगर और बादशाहनगर स्टेशन पर तय किया गया था। यात्रियों को हो रही परेशानी को ध्यान में रखते हुए गणतंत्र दिवस के दिन रेलवे ने ऐशबाग स्टेशन पर भी दो मिनट का ठहराव देने का आदेश जारी किया। वहीं, बादशाहनगर स्टेशन पर ट्रेन को पांच मिनट का ठहराव मिलेगा।

नया समय सारिणी जारी
एयरपोर्ट मॉडल पर बने गोमतीनगर स्टेशन से ट्रेन संख्या 12533 पुष्पक एक्सप्रेस सोमवार 26 जनवरी से रात 8:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रात 8:55 बजे बादशाहनगर पहुंचेगी और 9:00 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद पुष्पक एक्सप्रेस रात 9:23 बजे ऐशबाग स्टेशन पहुंचेगी और 9:25 बजे मुंबई के लिए रवाना होगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 12534 मुंबई से चलकर मंगलवार से प्रतिदिन सुबह 7:13 बजे ऐशबाग पहुंचेगी और 7:15 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन बादशाहनगर होते हुए सुबह 8:00 बजे गोमतीनगर स्टेशन पहुंचेगी।

लखनऊ जंक्शन से पहले रात 9:25 बजे चलती थी ट्रेन
अब तक लखनऊ जंक्शन से पुष्पक एक्सप्रेस रात 9:25 बजे रवाना होती थी। गोमतीनगर शिफ्ट होने के बाद ट्रेन का प्रस्थान समय बदलकर रात 8:45 बजे कर दिया गया है। स्टेशन बदलने से मुंबई की दूरी 1428 किलोमीटर से बढ़कर 1441 किलोमीटर हो गई है, हालांकि रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इसका असर किराए पर नहीं पड़ेगा।

मुंबई पहुंचने का समय भी तय
रेलवे के अनुसार, 12533 पुष्पक एक्सप्रेस गोमतीनगर से चलकर दूसरे दिन रात 10:45 बजे मुंबई पहुंचेगी। वापसी में 12534 पुष्पक एक्सप्रेस मुंबई से सुबह 8:25 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:35 बजे बादशाहनगर और सुबह 8:00 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी।

1987 से मुंबई यात्रियों की पसंद रही है पुष्पक एक्सप्रेस
पुष्पक एक्सप्रेस का संचालन 1 अप्रैल 1987 को लखनऊ जंक्शन से शुरू हुआ था। तब से यह ट्रेन मुंबई जाने वाले यात्रियों की पसंदीदा ट्रेनों में शामिल रही है। गोमतीनगर शिफ्ट किए जाने के बाद ऐशबाग स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से चौक, राजाजीपुरम, आलमबाग, कानपुर रोड, रायबरेली रोड और सुलतानपुर रोड जैसे बड़े इलाकों के यात्रियों को परेशानी हो रही थी।

राजनीतिक हस्तक्षेप और मीडिया की भूमिका
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने पुष्पक एक्सप्रेस का ठहराव ऐशबाग स्टेशन पर देने के लिए रेलवे को पत्र भेजा था। इस मुद्दे को दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद रेलवे बोर्ड ने खबर का संज्ञान लेते हुए सोमवार सुबह ऐशबाग स्टेशन पर ठहराव देने का आदेश जारी कर दिया।

छपरा एक्सप्रेस का भी बदला ठिकाना
पुष्पक एक्सप्रेस के साथ ही छपरा-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस का संचालन भी गोमतीनगर से किया जाएगा। ट्रेन संख्या 15053 छपरा-लखनऊ जं. एक्सप्रेस 26 जनवरी से छपरा से शाम 7:35 बजे चलकर अगले दिन सुबह 7:55 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। वापसी में 15054 गोमतीनगर से रात 9:45 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11:20 बजे छपरा पहुंचेगी।

गोमतीनगर स्टेशन को हब बनाने की तैयारी
रेलवे गोमतीनगर स्टेशन से लंबी दूरी की अधिकतर ट्रेनों के संचालन की योजना पर भी काम कर रहा है। गोमतीनगर उत्तर भारत का पहला रेलवे स्टेशन है, जिसे प्राइवेट मॉडल पर संचालित किया जा रहा है। एयरपोर्ट मॉडल पर बने इस स्टेशन तक बस सेवा उपलब्ध है और इसे लखनऊ मेट्रो से जोड़ने पर भी विचार किया जा रहा है। एयरपोर्ट के लिए एक लिंक रोड बनाने को लेकर भी जल्द फैसला लिया जा सकता है।

 

एक नज़र