अटारी बॉर्डर पर देशभक्ति का जश्न: राष्ट्रगान के साथ लहराया तिरंगा, गणतंत्र दिवस पर उमड़ा जनसैलाब
अमृतसर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय अटारी सीमा पर 76वां गणतंत्र दिवस पूरे जोश, उत्साह और देशभक्ति के रंग में मनाया गया। सोमवार को सीमा पर तिरंगा शान से फहराया गया, जिसे देख देशभर से पहुंचे दर्शकों, अधिकारियों और सुरक्षा बलों के जवानों ने राष्ट्रगान के साथ सलामी दी। अटारी बॉर्डर पर गूंजते देशभक्ति गीतों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
देशभर से पहुंचे दर्शक, सीमा पर दिखा राष्ट्रप्रेम का उत्साह
गणतंत्र दिवस के अवसर पर अटारी बॉर्डर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दर्शकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाए और बीएसएफ जवानों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति की भावना साफ झलकती रही।
मिठाइयों का आदान-प्रदान नहीं हुआ
हालांकि, इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत और पाकिस्तान के बीच मिठाइयों का आदान-प्रदान नहीं किया गया। इसके बावजूद समारोह की गरिमा और राष्ट्रभक्ति का उत्साह पूरी तरह बरकरार रहा।
लुधियाना में जिला स्तरीय समारोह, कैबिनेट मंत्री ने फहराया तिरंगा
गणतंत्र दिवस के अवसर पर लुधियाना जिले में भी जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी परिसर में संपन्न हुआ, जहां कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
उत्कृष्ट कार्य के लिए 137 लोग सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 137 लोगों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
