कब्जामुक्त कराएं जमीन, भू-माफिया और दबंगों को बख्शा न जाए: सीएम योगी का सख्त आदेश
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमीन पर अवैध कब्जे के मामलों को लेकर अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी व्यक्ति की भूमि पर दबंग या भू-माफिया ने कब्जा कर रखा है तो उसे तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए। दूसरे की जमीन हड़पने वालों, कमजोरों को उजाड़ने वाले तत्वों और भू-माफिया के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी सूरत में उन्हें बख्शा न जाए।
जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं करीब 150 लोगों की समस्याएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में कुर्सियों पर बैठे लोगों तक मुख्यमंत्री स्वयं पहुंचे और एक-एक कर सभी की बात सुनी। इस दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और भरोसा दिलाया कि उनके रहते किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
शिकायतों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश
सीएम योगी ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
जमीन कब्जे की शिकायत पर तुरंत एक्शन का आदेश
जनता दर्शन के दौरान दबंगों द्वारा जमीन पर कब्जे की शिकायत सामने आने पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन हर हाल में कब्जामुक्त होनी चाहिए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में कोई भी दबंग किसी की जमीन पर अवैध कब्जा न कर सके।
पारिवारिक विवादों में संवाद, जरूरत पर सख्त कार्रवाई
कुछ महिलाओं ने ससुराल पक्ष से विवाद और पारिवारिक समस्याओं की शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों पक्षों से संवाद कर समाधान निकाला जाए। यदि समाधान संभव न हो तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। उन्होंने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर सहयोग करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित इस्टीमेट प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजी जाए, ताकि इलाज की धनराशि सीधे अस्पताल के खाते में भेजी जा सके।
गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन और गोसेवा
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातः शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। इसके बाद मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे और वहां कुछ समय बिताया।
बच्चों से आत्मीय संवाद, दिया स्नेह और आशीर्वाद
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री की नजर परिजनों के साथ आए बच्चों पर पड़ी। उन्होंने बच्चों को पास बुलाकर उनका नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा, उनसे आत्मीय बातचीत की और स्नेहाशीष देते हुए कहा कि खूब पढ़ो और आगे बढ़ो। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से मिष्ठान्न दिया और दो छोटे बच्चों को गोद में लेकर उनका अन्नप्राशन भी कराया।
