Cold Wave Alert: अगले 7 दिन बढ़ेगी ठिठुरन, देश के इन राज्यों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चेतावनी
नए साल की शुरुआत के साथ ही देश के अधिकांश हिस्सों में सर्दी ने अपना तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते कुछ दिनों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सर्द हवाओं के साथ ठिठुरन बढ़ गई है। लोगों को फिलहाल इस हाड़ कंपाने वाली ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों के लिए कई राज्यों में शीतलहर और कड़ाके की ठंड का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर-पश्चिम भारत में शीतलहर का प्रकोप
उत्तर-पश्चिम भारत में सर्दी और ज्यादा असर दिखाने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिन राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में शीतलहर चल सकती है। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
पूर्वोत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड की तीव्रता
पूर्वोत्तर राज्यों में भी ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। IMD ने मणिपुर, नागालैंड, मेघालय, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में अगले सात दिनों तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पूर्वी और मध्य भारत में भी कंपकंपाएगा मौसम
सर्दी की ठिठुरन अब पूर्वी और मध्य भारत तक फैल गई है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार और झारखंड के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने और तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
दक्षिण भारत में भी ठंड का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने कर्नाटक के दक्षिण आंतरिक हिस्सों और तेलंगाना में अगले सात दिनों तक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।
