हर दिन झड़ रहे हैं बाल? हेयर फॉल रोकने के लिए अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय, जल्द दिखेगा असर
नई दिल्ली: आज के समय में बालों का झड़ना एक आम समस्या बन चुकी है और बड़ी संख्या में लोग इससे परेशान हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, शुष्क हवा सिर की त्वचा की प्राकृतिक नमी को कम कर देती है, जिससे स्कैल्प रूखी हो जाती है। इसका असर बालों पर भी पड़ता है और वे बेजान होकर टूटने व झड़ने लगते हैं। यदि आप भी इस मौसम में हेयर फॉल की समस्या का सामना कर रहे हैं, तो कुछ आसान घरेलू उपाय राहत दिला सकते हैं।
शहद और नारियल के दूध का मास्क देगा फायदा
बालों को पोषण देने के लिए शहद और नारियल के दूध का मास्क उपयोगी माना जाता है। इसे बालों पर लगभग 30 मिनट तक लगाकर रखें और फिर गुनगुने पानी से धो लें। इससे स्कैल्प की रूखापन और रूसी की समस्या कम हो सकती है, साथ ही बालों के टूटने की संभावना भी घटती है।
तेल से करें नियमित मालिश
मौसम बदलने के साथ सिर की त्वचा अधिक शुष्क हो जाती है। ऐसे में नियमित तेल मालिश करना फायदेमंद हो सकता है। 2 से 3 चम्मच ऑलिव ऑयल या बादाम के तेल को हल्का गुनगुना करके बालों की जड़ों में धीरे-धीरे मालिश करें। इससे स्कैल्प में रक्त संचार बेहतर होता है और बालों को मजबूती मिलने में मदद मिलती है।
बहुत गर्म पानी से बाल धोने से बचें
अत्यधिक गर्म पानी से बाल धोने की आदत भी हेयर फॉल का कारण बन सकती है। ज्यादा गर्म पानी बालों की जड़ों और रोमछिद्रों पर असर डालता है, जिससे बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं। बाल धोने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें और कर्लिंग आयरन या ब्लो ड्रायर जैसे गर्म उपकरणों का उपयोग कम से कम करें।
पोषक तत्वों से भरपूर आहार लें
बालों की अच्छी सेहत के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। शरीर में विटामिन, मिनरल और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों की कमी होने पर बाल झड़ने की समस्या बढ़ सकती है। इसके अलावा शरीर में पानी की कमी भी हेयर फॉल का कारण बनती है। अपनी डाइट में विटामिन ए, विटामिन ई और विटामिन बी से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करें। साथ ही लीन मीट, दही, मछली, सोया जैसे प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ खाएं और पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।
तनाव और खराब जीवनशैली भी बन सकती है वजह
विशेषज्ञों के मुताबिक तनाव, पोषण की कमी और असंतुलित जीवनशैली भी बाल झड़ने की प्रमुख वजहों में शामिल हैं। इसलिए खान-पान और दैनिक आदतों में सकारात्मक बदलाव करना जरूरी है। यदि घरेलू उपाय अपनाने के बावजूद बालों का झड़ना लगातार जारी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेकर इसकी वास्तविक वजह का पता लगाना चाहिए।
