पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी; एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर से रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार ट्रक में फंसकर करीब 50 मीटर से ज्यादा दूरी तक घिसटती चली गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में गोरखपुर जिले के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
दिल्ली से गांव लौट रहा था पूरा परिवार
जानकारी के मुताबिक गोरखपुर जिले के बेलघाट थाना क्षेत्र के रामपुर गोसाई गांव निवासी विनय यादव अपने भाई विजय यादव और परिवार के साथ दिल्ली में रहते थे। विनय की पत्नी के दिल्ली से लापता होने के बाद पूरा परिवार कार से गांव लौट रहा था। वाहन में बच्चे और बुजुर्ग समेत कुल सात लोग सवार थे। रविवार सुबह करीब आठ बजे अंबेडकरनगर के बेवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत रसूलपुर दियरा गांव के पास, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 161.4 पर यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी तेज कि कार के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से वह आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 50 वर्षीय विजय यादव, 60 वर्षीय लक्ष्मी देवी और विनय यादव के छह वर्षीय बेटे वीर की मौके पर ही मौत हो गई।
चार घायलों की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
हादसे में कार चला रहे विनय यादव के साथ अंश और गुनगुन सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल अकबरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी हुई है।
ट्रक चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
गांव में पसरा मातम, हर आंख नम
बताया जा रहा है कि विनय यादव गाजियाबाद में रहते थे और सीबीएसएल कंपनी में कार्यरत थे। परिवार भी उनके साथ वहीं रहता था। इस हादसे की खबर जैसे ही रामपुर गोसाई गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही परिवार के तीन लोगों की असमय मौत से माहौल गमगीन हो गया है और परिजन सदमे में हैं।
