Lucknow Weather: लखनऊ में मौसम का डबल अटैक, सुबह गलन से कांपे लोग, दोपहर में चुभी धूप

31dec9_1767164619854_17671646241

राजधानी लखनऊ में मौसम ने रविवार को दोहरा मिजाज दिखाया। सुबह तक गलन और ठिठुरन ने लोगों को बेहाल कर दिया, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, हवा का रुख बदला और तापमान तेजी से ऊपर चढ़ गया। हालात ऐसे रहे कि सुबह के ठंडे मौसम को देखते हुए गर्म कपड़ों में घर से निकले लोगों को दोपहर में धूप चुभने लगी और बेचैनी महसूस होने लगी।

न्यूनतम तापमान गिरा, दिन में अचानक बढ़ी गर्मी
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को शुरू हुई गलन का असर रविवार सुबह तक बना रहा। रात में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री नीचे 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद दिन में हवा की दिशा बदलने से गलन खत्म हो गई और तेज धूप निकल आई। अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन और रात के तापमान में 16.5 डिग्री का बड़ा अंतर दर्ज किया गया। प्रदेश भर में लखनऊ का दिन सबसे गर्म रहा।

सोमवार से बदली और बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से प्रदेश में बदली और बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है, जो तीन से चार दिन तक जारी रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद तापमान में फिर से दो-तीन दिन के भीतर तेज गिरावट आने के आसार हैं।

बिजनौर में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश
उधर, बिजनौर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में शनिवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। गरज-चमक के साथ शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक रुक-रुक कर होती रही। रात भर हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड और गलन बढ़ गई और लोगों को सर्दी का तीखा एहसास हुआ।

इन जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने 2 और 3 फरवरी को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है।

पूर्वी और पश्चिमी यूपी में घने कोहरे के आसार
वहीं देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

 

एक नज़र