Mardaani 3 Advance Booking: बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर 2’ का दबदबा, एडवांस बुकिंग में पीछे रह गई रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’

mardani-3

बॉलीवुड की दमदार अभिनेत्री रानी मुखर्जी एक बार फिर अपनी हिट फ्रेंचाइज़ी के नए चैप्टर ‘मर्दानी 3’ के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। शिवानी शिवाजी रॉय के आइकॉनिक किरदार में रानी की वापसी को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग के आंकड़े फिल्म के लिए थोड़ी चिंता जरूर बढ़ा रहे हैं। 30 जनवरी, शुक्रवार को रिलीज होने जा रही ‘मर्दानी 3’ का मुकाबला इस वक्त सिनेमाघरों में मजबूती से जमी ‘बॉर्डर 2’ से माना जा रहा है।

सीमित स्क्रीन्स पर रिलीज, फिर भी टिकी हैं निगाहें
‘मर्दानी 3’ को इस बार लिमिटेड स्क्रीन्स पर रिलीज किया जा रहा है। फिल्म के पिछले दोनों पार्ट्स बॉक्स ऑफिस पर सफल रहे हैं, इसी वजह से ट्रेड और दर्शकों की नजर इस बात पर है कि तीसरा पार्ट ओपनिंग डे पर कितना असर छोड़ पाता है। रानी मुखर्जी एक बार फिर मजबूत और निडर पुलिस अफसर के अवतार में नजर आएंगी।

एडवांस बुकिंग में मर्दानी 3 की कमाई कितनी?
रिपब्लिक वर्ल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ ने एडवांस बुकिंग के पहले दिन भारत में करीब 2100 टिकट बेचे हैं। 1465 शोज के साथ फिल्म ने लगभग 5.6 लाख रुपये की ग्रॉस कमाई दर्ज की है। हालांकि, ट्रेड का मानना है कि रिलीज के करीब आते-आते टिकट बिक्री में इजाफा हो सकता है।

मर्दानी 2 का बॉक्स ऑफिस ट्रैक रिकॉर्ड
साल 2019 में रिलीज हुई ‘मर्दानी 2’ की शुरुआत भले ही 3.80 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ हुई थी, लेकिन 30 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 40 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसी वजह से फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर हिट माना गया और फ्रेंचाइज़ी की लोकप्रियता और मजबूत हुई।

एडवांस बुकिंग में बॉर्डर 2 का पलड़ा भारी
कोईमोई की रिपोर्ट के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के सातवें दिन के लिए ही एडवांस बुकिंग में करीब 3.95 करोड़ रुपये की टिकटें बेच ली हैं। अनुमान है कि सातवें दिन फिल्म की कमाई 12 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच सकती है। ऐसे में साफ है कि एडवांस बुकिंग के मोर्चे पर ‘बॉर्डर 2’ का दबदबा कायम है।

अब ओपनिंग डे पर टिकी हैं सबकी नजरें
फिलहाल बॉक्स ऑफिस की असली तस्वीर रिलीज के बाद ही साफ होगी। देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या ‘मर्दानी 3’ वीकेंड पर रफ्तार पकड़ पाती है या ‘बॉर्डर 2’ का मजबूत रन रानी मुखर्जी की फिल्म के लिए चुनौती बना रहेगा।

 

एक नज़र