भारत-नेपाल सीमा पर तस्करों पर SSB की बड़ी कार्रवाई, गांजा और नेपाली शराब की खेप जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

indio-nepal-border-1769764124408_v

वीरपुर (सुपौल)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ और नेपाली शराब की बड़ी खेप जब्त की है। 45वीं वाहिनी SSB की इस कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गांजा तस्कर अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। यह ऑपरेशन सीमा चौकी साहेबान और सीमा चौकी फतेहपुर क्षेत्र में गश्ती के दौरान अंजाम दिया गया।

सूचना के आधार पर SSB और बिहार पुलिस की संयुक्त गश्ती
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि तस्करी की इनपुट मिलने के बाद सशस्त्र सीमा बल और बिहार पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम गठित की गई थी। टीम ने सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए तलाशी अभियान चलाया।

52.5 लीटर नेपाली शराब के साथ तस्कर दबोचा गया
सीमा चौकी साहेबान क्षेत्र में स्पर संख्या-540 के पास कार्रवाई करते हुए जवानों ने 52.5 लीटर नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को मौके से गिरफ्तार किया। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

फतेहपुर क्षेत्र से 5.500 किलोग्राम गांजा बरामद
वहीं, सीमा चौकी फतेहपुर के अंतर्गत सीमा स्तंभ संख्या 203/3 के पास गश्ती के दौरान 5.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। हालांकि, गांजा तस्कर रात के कोहरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा।

थानों को सौंपा गया जब्त माल और आरोपी
SSB अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त की गई नेपाली शराब और गिरफ्तार आरोपी को रतनपुरा थाना को सुपुर्द किया गया है। वहीं बरामद गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए वीरपुर थाना को सौंपा गया है।

सीमा पर तस्करी रोकने के लिए SSB पूरी तरह सतर्क
इस संयुक्त अभियान में सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक सतपाल, सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार और बिहार पुलिस के उप निरीक्षक आत्माराम सहित अन्य जवान शामिल रहे। कमांडेंट गौरव सिंह ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए SSB पूरी तरह सतर्क है और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

एक नज़र