Mathura Murder Case: अवैध संबंधों के तानों से टूटा पति बना कातिल, दोस्त संग मिलकर पत्नी की हत्या का खुलासा
मथुरा: रिफाइनरी थाना क्षेत्र में गेहूं के खेत से महिला का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पति ने ही अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। अवैध संबंधों को लेकर मिलने वाले तानों से परेशान पति ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
गेहूं के खेत में मिला था महिला का शव
रिफाइनरी क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि 28 दिसंबर को रांची बांगर से करनावल रोड के किनारे गेहूं के खेत में करीब 40 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ था। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतका की पहचान अनीता पत्नी राकेश, निवासी फतेहपुरा थाना बलदेव के रूप में हुई।
पति और दोस्त निकले हत्यारे
पुलिस जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया। अनीता की हत्या उसके पति राकेश ने अपने दोस्त ललित उर्फ मंगल के साथ मिलकर की थी। दोनों ने 27 दिसंबर की रात गला घोंटकर अनीता की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के इरादे से शव को खेत में फेंक दिया।
मुठभेड़ में गिरफ्तारी, एक आरोपी घायल
सोमवार देर रात पुलिस ने बरेली हाईवे बाइपास स्थित कोयला अलीपुर कट के पास दोनों आरोपियों को घेर लिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में ललित उर्फ मंगल के पैर में गोली लग गई, जबकि राकेश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक तमंचा, दो कारतूस और बिना नंबर की बाइक भी बरामद की है।
अवैध संबंध बने हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी राकेश ने बताया कि छत्तीसगढ़ में उसकी पत्नी की चचेरी बहन से उसके अवैध संबंध हो गए थे। दोनों से एक बेटी भी है। बाद में परिवार ने उस महिला की शादी कहीं और करा दी। इसी बात को लेकर अनीता अक्सर उसे ताने देती थी, जिससे तंग आकर उसने पत्नी की हत्या की साजिश रची।
पुलिस जांच जारी
पुलिस के अनुसार, पूरे मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
