नेपाल चुनाव 2026: ओली बनाम बालेन, गगन थापा की अमरेश से टक्कर; 165 सीटों के लिए 3500 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में

oli-balen_iBY3zJEzUB

नेपाल में 5 मार्च 2026 को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की भीड़ अब साफ दिखने लगी है। इस बार की सबसे बड़ी और चर्चित मुकाबला झापा क्षेत्र-5 में देखने को मिल रही है, जहां नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (NCP) के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं उनकी टक्कर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के वरिष्ठ नेता और काठमांडू के पूर्व मेयर बालेंद्र शाह ‘बालेन’ से होगी।

काठमांडू-4 छोड़कर सर्लाही-4 में गगन थापा की चुनौती
नेपाली कांग्रेस के नव-निर्वाचित सभापति गगनकुमार थापा ने अपने पारंपरिक काठमांडू-4 से चुनाव न लड़ने का फैसला किया और मधेश प्रदेश के सर्लाही-4 से चुनावी मैदान में उतर गए हैं। यहां उनकी सीधी टक्कर कांग्रेस के पूर्व नेता और हाल ही में RSP में शामिल हुए डॉ. अमरेश कुमार सिंह से होगी।

साथ ही, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (NCP) के संयोजक पुष्प कमल दहल उर्फ प्रचंड ने रुकुम पूर्व से और NCP के सह संयोजक माधव कुमार नेपाल ने रौतहट-1 से नामांकन दाखिल किया है।

शेरबहादुर देउबा ने चुनाव नहीं लड़ा, 34 साल की संसद यात्रा पर विराम
पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउबा ने इस बार चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। इस फैसले के साथ उनकी लगभग 34 वर्षों की निरंतर संसदीय यात्रा पर विराम लग गया है।

इसी बीच, RSP के अध्यक्ष रवि लामिछाने चितवन क्षेत्र-2 से मैदान में हैं, नेपाली कांग्रेस के नेता डॉ. शेखर कोईराला मोरंग-6 से चुनाव लड़ रहे हैं और जनता समाजवादी पार्टी (JSP) के अध्यक्ष उपेंद्र यादव सप्तरी-3 से चुनावी मैदान में उतरे हैं।

प्रतिनिधि सभा चुनाव: 165 सीटों के लिए 3,483 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन
नेपाल चुनाव आयोग के अनुसार, प्रत्यक्ष निर्वाचन के तहत 165 सीटों के लिए मंगलवार शाम पांच बजे तक कुल 3,483 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। इनमें 3,088 पुरुष और 395 महिलाएं शामिल हैं। नामांकन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चली।

नेपाल की 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में 110 सदस्य समानुपातिक प्रणाली से और 165 सदस्य प्रत्यक्ष निर्वाचन से चुने जाते हैं। समानुपातिक प्रणाली के लिए नामांकन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, जबकि प्रत्यक्ष निर्वाचन के लिए नामांकन प्रक्रिया अभी पूरी हुई है।

नेपाली कांग्रेस विवाद: सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम आदेश देने से किया इंकार
नेपाली कांग्रेस के आंतरिक विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया है। अदालत ने निर्वाचन आयोग के उस फैसले पर रोक लगाने से भी मना किया, जिसमें विशेष महाधिवेशन से निर्वाचित गगन थापा पक्ष को आधिकारिक मान्यता दी गई थी।

पार्टी के वरिष्ठ नेता शेरबहादुर देउबा और पूर्णबहादुर खड्का ने इस फैसले के खिलाफ रिट याचिका दायर की थी। मंगलवार को सुनवाई के दौरान न्यायाधीश सुनील कुमार पोखरेल की एकल पीठ ने अंतरिम आदेश की मांग खारिज कर दी। अदालत ने विवाद सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को बातचीत के लिए तलब किया और निर्वाचन आयोग को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

इस आदेश के बाद गगन थापा पक्ष को मिली वैधानिक मान्यता फिलहाल बरकरार रहेगी। देउबा और खड्का ने अदालत से यह भी अनुरोध किया था कि आयोग के फैसले पर अंतिम निर्णय तक चुनाव प्रक्रिया को आगे न बढ़ाया जाए, जिसे अदालत ने स्वीकार नहीं किया।

 

एक नज़र