Nepal General Elections: नेपाली कांग्रेस का बड़ा दांव, गगन थापा होंगे पीएम पद के उम्मीदवार, आज होगा औपचारिक ऐलान

gagan2025-04-16-07-30-12

नेपाल में आम चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नेपाली कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए नवनिर्वाचित सभापति गगन थापा को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने का निर्णय किया है। पार्टी की ओर से इसकी औपचारिक घोषणा आज की जाएगी। यह ऐलान काठमांडू स्थित पार्टी मुख्यालय में होने वाली केंद्रीय समिति की बैठक के दौरान किया जाएगा। 49 वर्षीय गगन थापा को कांग्रेस की नई पीढ़ी का चेहरा माना जा रहा है और पार्टी नेतृत्व ने उन्हें सीधे शीर्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने का मन बनाया है।

सानेपा में होगी केंद्रीय समिति की अहम बैठक
नेपाली कांग्रेस की विशेष महाधिवेशन से निर्वाचित केंद्रीय कार्य समिति के पदाधिकारी और सदस्य शुक्रवार को काठमांडू के सानेपा स्थित केंद्रीय कार्यालय में बैठक करेंगे। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, इसी बैठक में गगन थापा को औपचारिक रूप से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। पार्टी महामंत्री और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल ने भी इस फैसले की पुष्टि की है।

पारंपरिक सीट छोड़कर नए क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे गगन थापा
इस बार गगन थापा ने अपने पारंपरिक निर्वाचन क्षेत्र काठमांडू-4 से चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। वह मधेश प्रदेश की सर्लाही-4 सीट से उम्मीदवार होंगे। इसे पार्टी की रणनीतिक चाल माना जा रहा है, जिसके जरिए कांग्रेस मधेश क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

विशेष महाधिवेशन के बाद पहली औपचारिक बैठक
14 जनवरी को हुए विशेष महाधिवेशन में गगन थापा के नेतृत्व में नई केंद्रीय कार्य समिति का गठन हुआ था। हालांकि इसके बाद कार्य समिति की पहली और दूसरी बैठक तथा प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए उम्मीदवार चयन को लेकर गठित संसदीय बोर्ड की बैठक होटल में आयोजित की गई थी। सानेपा में होने वाली यह बैठक नई समिति की पहली औपचारिक बैठक मानी जा रही है।

चुनावी मैदान में उतर चुके हैं चार पूर्व प्रधानमंत्री
नेपाल के आम चुनाव में इस बार दिग्गज नेताओं की मौजूदगी चुनाव को और दिलचस्प बना रही है। चार पूर्व प्रधानमंत्रियों ने पहले ही नामांकन दाखिल कर दिया है। नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली झापा-5 से चुनाव लड़ रहे हैं। नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी सेंटर) के अध्यक्ष पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ रुकुम पूर्व से मैदान में हैं। वहीं, नेकपा के माधव कुमार नेपाल रौतहट-1 और प्रगतिशील लोकतांत्रिक पार्टी के बाबूराम भट्टराई गोरखा-2 से चुनावी मुकाबले में हैं।

कार्यवाहक सरकार के मंत्रियों ने दिया इस्तीफा
नेपाल में कार्यवाहक प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के नेतृत्व वाली सरकार के चार मंत्रियों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इन मंत्रियों ने 5 मार्च को होने वाले आम चुनाव में किस्मत आजमाने के लिए नामांकन दाखिल किया है। इससे चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है।

 

एक नज़र