इंसान और आत्मा की दोस्ती पर बनी रूमानी फिल्म ने रचा इतिहास, थिएटर के बाद OTT पर भी छाई, 30 करोड़ में कमाए 150 करोड़
बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में जहां इन दिनों 100 से 200 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट वाली फिल्मों का बोलबाला है, वहीं एक लो-बजट फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसने इंडस्ट्री को चौंका दिया। महज 30 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म न सिर्फ सिनेमाघरों में सुपरहिट साबित हुई, बल्कि अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी जबरदस्त कमाई कर रही है। हम बात कर रहे हैं मलयालम फैंटसी ड्रामा फिल्म ‘सर्वम माया’ की, जिसने 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है।
25 दिसंबर को रिलीज हुई फिल्म, थिएटर में बना रही रिकॉर्ड
निविन पॉली स्टारर ‘सर्वम माया’ 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज के साथ ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। कॉमेडी, इमोशंस और रोमांस के अनोखे मेल ने दर्शकों को बांधे रखा, जिसका असर यह हुआ कि फिल्म ओटीटी पर आने के बाद भी सिनेमाघरों में इसका क्रेज कम नहीं हुआ।
पांच साल बाद निविन पॉली की बड़ी वापसी
साउथ सुपरस्टार निविन पॉली पिछले पांच वर्षों से एक बड़ी हिट फिल्म की तलाश में थे, जो ‘सर्वम माया’ के साथ पूरी हुई। सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के बाद दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली। थिएटर में शानदार प्रदर्शन के बाद मेकर्स ने फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज किया, जहां इसे भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
36 दिनों में 150 करोड़ का आंकड़ा पार
फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर ट्रेड एनालिस्ट एबी जॉर्ज ने जानकारी साझा की थी। उनके मुताबिक, ‘सर्वम माया’ ने महज 36 दिनों में दुनियाभर में 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। आईएमडीबी पर भी फिल्म के कलेक्शन को 150 करोड़ रुपये बताया गया है। इसी के साथ यह फिल्म दुनिया की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में आठवें स्थान पर पहुंच गई है और निविन पॉली के करियर की सबसे ज्यादा फुटफॉल्स वाली फिल्म बन चुकी है।
इंसान और आत्मा की दोस्ती की अनोखी कहानी
‘सर्वम माया’ की कहानी प्रभेंदु नम्बूदिरी नाम के एक शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक पारंपरिक ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखता है और पेशे से म्यूजिक डायरेक्टर है। विदेश जाने का सपना टूटने के बाद प्रभेंदु अपने गांव लौट आता है और धार्मिक कार्यों में अपने कजिन की मदद करने लगता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात डेलुलु नाम की एक रहस्यमयी आत्मा से होती है, जिसे अपने अतीत की कोई याद नहीं है। प्रभेंदु उसकी मदद करता है और धीरे-धीरे दोनों के बीच एक गहरा भावनात्मक रिश्ता बन जाता है, जो कहानी को नए मोड़ पर ले जाता है।
OTT पर देखने का मौका
जो दर्शक इस अनोखी फैंटसी-रोमांटिक फिल्म को सिनेमाघरों में नहीं देख पाए, वे अब इसे जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं, जहां ‘सर्वम माया’ लगातार चर्चा में बनी हुई है।
