3 साल के बेटे के कैंसर की खबर ने 12 घंटे में बदल दी इमरान हाशमी की दुनिया, एक पिता के दर्द ने लिख दी जिंदगी की नई कहानी

untitled-design-2026-01-29t080422-1769654045

बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी को अक्सर उनकी दमदार एक्टिंग और स्क्रीन प्रेजेंस के लिए जाना जाता है, लेकिन उनकी निजी जिंदगी का एक दौर ऐसा भी रहा, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में इमरान ने अपनी जिंदगी के उस सबसे कठिन और भावुक अध्याय को याद किया, जिसने एक स्टार नहीं बल्कि एक पिता को पूरी तरह बदलकर रख दिया।

रणवीर अल्लाहबादिया के साथ बातचीत के दौरान इमरान हाशमी ने उस दोपहर का जिक्र किया, जब सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ ही घंटों में उनकी जिंदगी का रुख बदल गया। उन्होंने बताया कि वह पल आज भी उनकी यादों में जिंदा है और उसी ने उन्हें मानसिक रूप से और मजबूत बनाया।

जब 12 घंटे में बदल गई इमरान हाशमी की जिंदगी

इमरान हाशमी ने बताया कि 2014 का वह दिन उनकी जिंदगी का सबसे मुश्किल दिन बन गया। 13 जनवरी को वे परिवार के साथ ब्रंच के लिए बाहर गए थे और बेटे अयान के साथ पिज्जा खा रहे थे। उसी दौरान पहली बार कुछ असामान्य नजर आया, जब उनके बेटे ने यूरिन में खून पास किया।

स्थिति गंभीर लगते ही वे अगले तीन घंटे के भीतर डॉक्टर के क्लिनिक पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि उनके बेटे को कैंसर है। डॉक्टर ने तुरंत अगले दिन ऑपरेशन और उसके बाद कीमोथेरेपी की जरूरत बताई। इमरान के मुताबिक, कुछ घंटे पहले तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन देखते ही देखते 12 घंटे के भीतर उनकी पूरी दुनिया बदल गई।

पांच साल का संघर्ष और एक पिता की परीक्षा

इस खबर के बाद शुरू हुआ संघर्ष का लंबा दौर, जो करीब पांच साल तक चला। इमरान और उनका परिवार लगातार अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे और इलाज के शेड्यूल के बीच तनाव और चिंता से गुजरते रहे। इस दौरान उनकी जिंदगी की प्राथमिकताएं भी पूरी तरह बदल गईं।

करियर और सफलता पीछे छूट गई, जबकि बेटे का स्वास्थ्य और देखभाल उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी बन गई। इस कठिन अनुभव ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि बाद में उन्होंने एक किताब भी लिखी, ताकि उन माता-पिता की मदद हो सके जो ऐसी ही परिस्थितियों से गुजरते हैं। आज उनका बेटा स्वस्थ है, लेकिन उस दौर को इमरान अपनी जिंदगी की सबसे कठिन परीक्षा मानते हैं।

ओटीटी पर फिर चमके इमरान हाशमी

वर्कफ्रंट की बात करें तो इमरान हाशमी इन दिनों अपनी हालिया सफलता का आनंद ले रहे हैं। उनकी ओटीटी सीरीज ‘तस्कर’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और उनकी परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ हो रही है। निजी संघर्षों से उबरकर करियर में दोबारा मजबूती से वापसी करना उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

 

एक नज़र