UP से कामाख्या धाम तक आसान होगा सफर, 18 जनवरी से दौड़ेगी अमृतभारत ट्रेन, जानिए पूरा शेड्यूल और रूट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश से मां कामाख्या धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी राहत की घोषणा की है। डिब्रूगढ़ से कामाख्या होते हुए गोरखपुर, अयोध्या धाम और गोमतीनगर तक नई अमृतभारत ट्रेन चलाने का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस विशेष ट्रेन को 18 जनवरी को हरी झंडी दिखाई जाएगी। फिलहाल इसका अस्थायी शेड्यूल जारी किया गया है, जबकि स्थायी टाइम टेबल बाद में घोषित होगा। रेलवे के मुताबिक यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलाई जाएगी, जिससे पूर्वोत्तर भारत और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा और सुविधाजनक हो सकेगी।
डिब्रूगढ़ से गोमतीनगर तक यह रहेगा प्रस्तावित टाइम टेबल
जारी शेड्यूल के अनुसार अमृतभारत ट्रेन डिब्रूगढ़ से रात 9 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 7.15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से आगे बढ़ते हुए यह ट्रेन सुबह 10.10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी, जहां 10 मिनट का ठहराव होगा। इसके बाद ट्रेन दोपहर 1.15 बजे गोमतीनगर स्टेशन पहुंचेगी। इस नई ट्रेन के शुरू होने से अयोध्या धाम और मां कामाख्या देवी के दर्शन के लिए यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा, वहीं डिब्रूगढ़ के लिए चल रही मौजूदा ट्रेन में वेटिंग लिस्ट का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
शक्ति पीठ को अयोध्या धाम से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम
रेलवे बोर्ड ने शक्ति पीठ कामाख्या और अयोध्या धाम को जोड़ने की योजना के तहत यह शेड्यूल तैयार किया है। बोर्ड के निर्देश पर पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने इसका प्रस्ताव तैयार कर अंतिम मंजूरी के लिए भेजा था, जिसे अब हरी झंडी मिल गई है। माना जा रहा है कि यह ट्रेन धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।
मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी मेला स्पेशल ट्रेन
मकर संक्रांति के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नौतनवा-गोरखपुर-नौतनवा अनारक्षित खिचड़ी मेला स्पेशल ट्रेन के संचालन की भी घोषणा की है। ट्रेन संख्या 05016/05015 को कुल 10 फेरों के लिए चलाया जाएगा। 05016 नौतनवा-गोरखपुर अनारक्षित मेला स्पेशल 13 से 22 जनवरी तक रात 8.50 बजे नौतनवा से चलकर रात 12.15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में 05015 गोरखपुर-नौतनवा अनारक्षित मेला स्पेशल 14 से 23 जनवरी तक गोरखपुर से रात 2.30 बजे प्रस्थान कर सुबह 5.15 बजे नौतनवा पहुंचेगी।
