UPSI की तैयारी कर रहे युवक ने खुद को मारी गोली, बंद कमरे में मिला शव; अवैध रिवॉल्वर बरामद
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर (UPSI) की तैयारी कर रहे एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक जौनपुर निवासी प्रद्युम्न पाठक बताया जा रहा है, जो विकासनगर थाना क्षेत्र में अपने दोस्त के कमरे में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
दोस्त के कमरे में रह रहा था युवक, सुसाइड से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय प्रद्युम्न पाठक अपने मित्र दिव्यांशु सिंह के साथ विकासनगर के सेक्टर एन-1 स्थित एक मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से यूपीएसआई की तैयारी कर रहा था। अचानक उसके द्वारा खुद को गोली मार लेने की सूचना सामने आई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके से एक अवैध रिवॉल्वर बरामद की है।
बंद कमरे की सूचना पर पहुंची पुलिस, अंदर का दृश्य देख रह गई हैरान
घटना 15 जनवरी 2026 की शाम की बताई जा रही है। डायल 112 के माध्यम से थाना विकासनगर पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर एल क्षेत्र में एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाया तो अंदर एक युवक बेसुध हालत में पड़ा मिला। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे डीसीपी, फॉरेंसिक टीम जुटा रही साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। कमरे से एक अदद रिवॉल्वर, एक खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जिन्हें सील कर लिया गया है। पुलिस रूम पार्टनर से पूछताछ कर रही है, हालांकि वह अभी तक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका है।
पुलिस का बयान: प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्रद्युम्न पाठक उर्फ पीयूष पाठक, उम्र लगभग 36 वर्ष के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
