भीषण गर्मी में बिजली संकट से कराह उठा लखनऊ, दुबग्गा क्षेत्र में 18 घंटे तक कटौती से जनता बेहाल
लखनऊ: राजधानी के दुबग्गा क्षेत्र स्थित मध्यांचल विद्युत केंद्र दुबग्गा (DIV302642) के अंतर्गत आने वाले लालाबाग भुहार इलाके में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में 12 से 18 घंटे तक लगातार बिजली बाधित रह रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
क्षेत्रवासियों के मुताबिक रात होते ही कई इलाकों में बिजली कटौती का सिलसिला शुरू हो जाता है। लोगों का कहना है कि रोजाना रात 10 बजे के बाद लाइट काट दी जाती है और फिर घंटों तक बिजली बहाल नहीं की जाती। लगातार हो रही कटौती के कारण भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है।
बिजली संकट का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और मरीजों पर देखने को मिल रहा है। रातभर बिजली न रहने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही, वहीं गर्मी के चलते स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें भी बढ़ने लगी हैं। कई घरों में पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है क्योंकि बिजली न होने से मोटर और अन्य उपकरण बंद पड़े हैं।
स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप
इलाके के निवासियों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों तक बिजली काटी जा रही है, जबकि विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही। लगातार हो रही अघोषित कटौती ने लोगों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है।
इनवर्टर और बैटरियां भी हुईं फेल
लंबे समय तक बिजली बाधित रहने के कारण अब इनवर्टर और बैटरियां भी जवाब देने लगी हैं। लोगों का कहना है कि लगातार चार्जिंग न मिलने से बैकअप सिस्टम भी काम करना बंद कर चुके हैं, जिससे रात के समय स्थिति और अधिक खराब हो जाती है।
फोन नहीं उठा रहे जिम्मेदार अधिकारी
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि समस्या को लेकर जब संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की जाती है तो फोन तक रिसीव नहीं किए जाते। लोगों ने जल्द से जल्द नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है ताकि भीषण गर्मी के बीच राहत मिल सके।
