Monsoon 2026: कल केरल पहुंचेगा मानसून, कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट; जानिए आपके इलाके में कब मिलेगी राहत

weather-rain-alert-1779713012

नई दिल्ली: भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे देशवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब दस्तक देने के बेहद करीब है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मानसून 26 मई को केरल पहुंच सकता है। इस बार मानसून अपने सामान्य समय 1 जून से पहले ही एंट्री करने जा रहा है। मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक और भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

उत्तर भारत में अभी जारी रहेगा गर्मी का कहर

दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत उत्तर भारत के कई इलाके इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून पहुंचने तक इन इलाकों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। हालांकि बीच-बीच में तेज हवाओं और हल्की बारिश से कुछ राहत मिल सकती है।

दिल्ली, यूपी और बिहार में कब पहुंचेगा मानसून?

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में मानसून 27 से 30 जून के बीच पहुंच सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री 15 से 25 जून के बीच होने की संभावना जताई गई है। बिहार में मानसून 12 से 15 जून के बीच दस्तक दे सकता है।

केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने अगले 2 से 3 दिनों के दौरान केरल और तमिलनाडु के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदलने वाला है।

दिल्ली, पंजाब और यूपी में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 मई को गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है। वहीं राजस्थान में 28 और 29 मई को तेज हवाओं और बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 28 और 29 मई को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में 28 से 31 मई के बीच कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।

दक्षिण भारत के इन राज्यों में भी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 26 से 29 मई के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, कर्नाटक, तेलंगाना और रायलसीमा में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 25 से 29 मई तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।

 

एक नज़र