भारत की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली ट्रेन, 4188 KM का सफर; 74 घंटे 10 मिनट में जोड़ती है देश के दो छोर
नई दिल्ली: भारतीय रेलवे का नेटवर्क दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में गिना जाता है। राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत जैसी ट्रेनों की चर्चा अक्सर होती रहती है, लेकिन कुछ ट्रेनें ऐसी भी हैं जो अपनी अनोखी खासियतों की वजह से खास पहचान रखती हैं। इन्हीं में से एक है भारत की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली ट्रेन, जिसका सफर जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे।
भारत में सबसे लंबा रेल सफर तय करने का रिकॉर्ड विवेक एक्सप्रेस के नाम है। यह ट्रेन असम के डिब्रूगढ़ से तमिलनाडु के कन्याकुमारी तक चलती है और कुल 4188 किलोमीटर की दूरी तय करती है। इस लंबी यात्रा को पूरा करने में ट्रेन को करीब 74 घंटे 10 मिनट का समय लगता है। यानी यात्री करीब तीन दिन से ज्यादा समय तक ट्रेन में सफर करते हैं।
ट्रेन नंबर 22504 विवेक एक्सप्रेस डिब्रूगढ़ से चलकर कन्याकुमारी तक पहुंचने के दौरान कुल 59 स्टेशनों पर रुकती है। इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए जनरल कोच के साथ स्लीपर, एसी थर्ड और सेकेंड एसी कोच की व्यवस्था है। विवेक एक्सप्रेस डिब्रूगढ़ से शाम 7 बजकर 35 मिनट पर रवाना होती है और यात्रा के चौथे दिन रात 9 बजकर 45 मिनट पर कन्याकुमारी पहुंचती है।
किराये की बात करें तो विवेक एक्सप्रेस में डिब्रूगढ़ से कन्याकुमारी तक स्लीपर क्लास का किराया करीब 1310 रुपये है। वहीं, एसी थर्ड क्लास के लिए 3190 रुपये और सेकेंड एसी कोच के लिए 4625 रुपये तक किराया देना होता है। उदाहरण के तौर पर अगर कोई यात्री 29 जनवरी को डिब्रूगढ़ से सफर शुरू करता है, तो वह 1 फरवरी को कन्याकुमारी पहुंचेगा।
विवेक एक्सप्रेस की पहली सेवा 19 नवंबर 2011 को शुरू की गई थी। तब से यह ट्रेन लगातार यात्रियों को देश के एक छोर से दूसरे छोर तक जोड़ रही है। खास बात यह है कि यह ट्रेन अपने सफर के दौरान देश के कुल 9 राज्यों से होकर गुजरती है और रोजाना संचालित होती है। लंबे सफर के बावजूद विवेक एक्सप्रेस भारतीय रेलवे की सबसे खास और ऐतिहासिक ट्रेनों में शामिल मानी जाती है।
