मकर संक्रांति पर कुछ अलग ट्राई करें: लड्डू नहीं, घर पर बनाएं तिल-गुड़ की कुरकुरी गजक, खुशबू और स्वाद दोनों होंगे लाजवाब
भारत में मकर संक्रांति का पर्व बड़े ही उल्लास और परंपरागत अंदाज में मनाया जाता है। इस खास दिन खिचड़ी, दही-चूड़ा और तिल-गुड़ से बनी मिठाइयों का विशेष महत्व होता है। आमतौर पर घरों में तिल-गुड़ के लड्डू बनाए जाते हैं, लेकिन इस बार आप कुछ नया ट्राई कर सकते हैं। सिर्फ 30 से 40 मिनट में बनने वाली तिल-गुड़ की गजक स्वाद के साथ-साथ खुशबू में भी बेहतरीन होती है और त्योहार की मिठास को दोगुना कर देती है।
तिल-गुड़ की गजक के लिए जरूरी सामग्री
इस स्वादिष्ट गजक को बनाने के लिए आपको ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए आधा किलो सफेद तिल, 200 ग्राम गुड़ और 2 चम्मच घी पर्याप्त हैं।
स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी: ऐसे बनाएं तिल-गुड़ की गजक
सबसे पहले सफेद तिल को कड़ाही में धीमी आंच पर ड्राई रोस्ट कर लें। जब तिल से हल्की खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें। अब इन रोस्टेड तिलों को दरदरा पीस लें।
इसके बाद कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें गुड़ के टुकड़े डाल दें। गुड़ को लगातार चलाते हुए पकाएं, जब तक वह पूरी तरह पिघल न जाए। करीब 4 से 5 मिनट में गुड़ हल्का गाढ़ा हो जाएगा।
अब इस गुड़ के मिश्रण में दरदरे पिसे हुए तिल डालकर अच्छे से मिक्स कर लें और करीब 2 मिनट तक पकाएं। गैस बंद करने के बाद इस मिश्रण को एल्युमिनियम फॉइल या चिकनी प्लेट में निकाल लें।
ऊपर से 2 चम्मच रोस्टेड तिल डालकर मिश्रण को हल्का गूंथें और आटे की बड़ी लोई की तरह बेल लें। इसे लगभग आधा इंच मोटा बेलकर चौकोर टुकड़ों में काट लें।
त्योहार के लिए तैयार है देसी गजक
मकर संक्रांति के लिए आपकी घर पर बनी तिल-गुड़ की गजक पूरी तरह तैयार है। इसे आप तुरंत परोस सकते हैं या एयरटाइट कंटेनर में एक से दो महीने तक सुरक्षित रख सकते हैं। सर्दियों में यह गजक सेहत और स्वाद दोनों का बेहतरीन मेल है।
